नई दिल्ली में 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर आम आदमी पार्टी, लेफ्ट, यूथ कांग्रेस और अन्य संगठनों के प्रदर्शन के ऐलान के बाद दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. नई दिल्ली जिले के वीवीआईपी इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल के साथ अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बॉर्डर पर भी निगरानी बढ़ाई गई है.
धारा 163 के तहत क्या प्रतिबंध हैं
सार्वजनिक सुरक्षा, शांति और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पार्लियामेंट स्ट्रीट सब-डिविजन में BNSS की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू हैं. आदेश के मुताबिक बिना लिखित अनुमति सार्वजनिक सभा, पांच या उससे अधिक लोगों का जमावड़ा, जुलूस, प्रदर्शन और धरना नहीं किया जा सकता.
प्रतिबंधित क्षेत्र में हथियार, लाठी, भाला, तलवार, डंडे, बैनर और पोस्टर लेकर चलने पर भी रोक है. बिना अनुमति नारे लगाने, भाषण देने, जुलूस निकालने और सार्वजनिक स्थान पर पिकेटिंग करने की अनुमति नहीं होगी. प्रतिबंधित क्षेत्र में पार्लियामेंट स्ट्रीट का पूरा इलाका शामिल है, जबकि आदेश के साथ दिए गए नक्शे में जंतर-मंतर रोड का एक निर्धारित हिस्सा इससे अलग रखा गया है.
यह आदेश 23 अगस्त से लागू है और 21 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा, जब तक इसे पहले वापस न लिया जाए. पहले से लिखित अनुमति वाली गतिविधियां भी शाम 5 बजे के बाद जारी नहीं रखी जा सकेंगी.
इन रास्तों पर यातायात प्रभावित रहेगा
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक 2 अक्टूबर को कनॉट प्लेस, पटेल चौक, GPO, टॉल्स्टॉय मार्ग, जंतर-मंतर रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट और आसपास की सड़कों पर यातायात डायवर्जन और नियंत्रित आवाजाही की व्यवस्था रहेगी.
वाहन चालकों और यात्रियों से प्रभावित मार्गों से संभव हो तो बचने, डायवर्जन संकेतों और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने तथा यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखने की अपील की गई है. आदेश का उल्लंघन करने पर कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है.
