कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका की रिहाई की मांग को लेकर दाखिल दस्तावेजों पर विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत में फैसला होने की संभावना है. दोनों फिलहाल तिहाड़ जेल में पांच दिन की न्यायिक हिरासत में हैं.

CJP की कानूनी टीम के मुताबिक, दोनों को जमानतदार उपलब्ध नहीं होने के कारण न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. अब जमानतदारों से जुड़े दस्तावेज अदालत के रिकॉर्ड पर जमा करा दिए गए हैं. पार्टी को उम्मीद है कि रविवार दोपहर तक रिहाई पर निर्णय आ सकता है.

पुलिस के अनुसार, दास और रांका ने पहले शांति बनाए रखने के लिए दिए गए बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन किया और जंतर-मंतर में प्रवेश किया. हाल में जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जाने की बात भी सामने आई है.

पहले भी जारी हुआ था जमानती मुचलका

CJP ने 10 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया था. सौरभ दास, आशुतोष रांका और पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को 11 अक्टूबर को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया था. इसके बाद तीनों को 50-50 हजार रुपये के जमानती मुचलके पर छोड़ा गया था. शर्त के मुताबिक, उन्हें एक साल तक शांति बनाए रखने और ऐसा कोई काम नहीं करने को कहा गया था जिससे शांति भंग हो.

बाद में पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान दास और रांका को अन्य कार्यकर्ताओं के साथ पकड़ा. अभिजीत दीपके को भी एक अन्य मामले में जमानत मिली और उन्हें 50 हजार रुपये का बॉन्ड भरना पड़ा.

दिल्ली पुलिस ने तिरंगा मार्च को लेकर कनॉट प्लेस और मंडी हाउस थानों में कम से कम तीन FIR दर्ज की हैं. इनमें CJP नेताओं के अलावा AISA अध्यक्ष नेहा बोरा और AAP नेताओं के नाम भी शामिल हैं. पुलिस ने रोक संबंधी आदेशों के उल्लंघन, सड़क के बीच मार्च करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं.