नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने तीन FIR दर्ज की हैं. पुलिस के अनुसार, ये मामले 2 अक्टूबर को छात्र संगठनों, राजनीतिक दलों और नागरिक समूहों की ओर से प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान दर्ज किए गए.

दो FIR संसद मार्ग थाने में और एक FIR कनॉट प्लेस थाने में दर्ज की गई है. मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 लगाई गई है. यह धारा किसी लोक सेवक की ओर से जारी आदेश की कथित अवहेलना से संबंधित है.

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, FIR में किसी व्यक्ति या संगठन को आरोपी के रूप में नामित नहीं किया गया है. हालांकि, दस्तावेजों में प्रदर्शन आयोजित करने वाले समूहों और आयोजकों का उल्लेख है.

प्रदर्शनकारी चुनावी मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहे थे. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया था.