सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाई पावर्ड इंक्वायरी कमिटी जंतर-मंतर हिंसा मामले में 29 अक्टूबर को सुनवाई करेगी. सुनवाई सुबह 11 बजे शिक्षा सदन, 17 राउज एवेन्यू इंस्टीट्यूशनल एरिया स्थित समिति के कार्यालय में होगी. यह सुनवाई अब एक दिन की ही होगी. अधिकारियों ने पहले इसे दो दिन चलने की जानकारी दी थी.
समिति ने प्रभावित लोगों, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य संबंधित पक्षों से बयान और दस्तावेजी सबूत लेने के लिए ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया है. इसके जरिए लोग पुलिस कार्रवाई से जुड़े अपने बयान और उपलब्ध साक्ष्य जमा कर सकेंगे.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर कथित दुर्व्यवहार, पेललेट गन चलाने और महिला प्रदर्शनकारियों के साथ बदसलूकी के आरोप लगाए थे. समिति दोनों पक्षों की ओर से जरूरत से अधिक बल प्रयोग और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोपों की भी जांच करेगी. इन आरोपों पर समिति की जांच और निष्कर्ष अभी सामने नहीं आए हैं.
यह विवाद नीट पेपर लीक और परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ 36 दिन चले प्रदर्शन के दौरान 20 जुलाई को संसद मार्च से जुड़ा है. उस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई थी और 150 से अधिक लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी.
गवाहों की पहचान गोपनीय रखने का निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने समिति को गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उनकी पहचान गोपनीय रखने और बयानों व सबूतों को पूरी तरह गोपनीय रखने का निर्देश दिया है. अदालत ने कई याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान 18 अगस्त को इस समिति का गठन किया था. याचिकाओं में छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कथित कार्रवाई के आरोप लगाए गए थे.
पांच सदस्यीय समिति की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस आर. सुभाष रेड्डी कर रहे हैं. इसमें पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश रवि शंकर झा, दिल्ली हाईकोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस शालिंदर कौर, पूर्व CBI निदेशक ऋषि कुमार शुक्ला और मेघालय के सेवानिवृत्त DGP एलआर बिश्नोई शामिल हैं.
