नई दिल्ली: तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह ने दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है. नोटिस में सिंह ने सात दिन के भीतर बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है.

जरनैल सिंह का आरोप है कि सड़क निर्माण से जुड़े विवाद में मंत्री प्रवेश वर्मा का बचाव करते हुए सिरसा ने उनके खिलाफ झूठे और भ्रामक बयान दिए. विधायक के मुताबिक, इन बयानों से उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हुई.

यह विवाद पश्चिमी दिल्ली में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ था. इसी घटनाक्रम के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा और एक युवक के बीच कथित थप्पड़ प्रकरण भी सामने आया था. पुलिस ने युवक की शिकायत पर वर्मा के खिलाफ गैर-संज्ञेय रिपोर्ट दर्ज की थी, जबकि PWD अधिकारियों की शिकायत पर जरनैल सिंह के खिलाफ FIR दर्ज होने की बात सामने आई थी.

जरनैल सिंह पहले सड़क परियोजना से जुड़े कथित भ्रष्टाचार को लेकर ACB में शिकायत देने की बात भी कह चुके हैं. नोटिस में चेतावनी दी गई है कि तय अवधि में माफी नहीं मांगी गई तो आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी.