नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के बर्खास्त प्रोफेसर और कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को दिल्ली पुलिस ने यौन उत्पीड़न मामले में पूछताछ के लिए तलब किया है. नोटिस के अनुसार, उन्हें गुरुवार को जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है.
दिल्ली पुलिस ने यह नोटिस वसंत कुंज थाने से जारी किया है. इसमें कहा गया है कि बिना कानूनी वजह के पूछताछ में शामिल नहीं होने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 के तहत कानूनी कार्रवाई हो सकती है.
पुलिस ने JNU के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है. FIR में भारतीय न्याय संहिता की यौन उत्पीड़न और महिला की गरिमा का अपमान करने से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं.
JNU ने 9 अक्टूबर को आंतरिक समिति की जांच के बाद अकोइजम की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कम से कम 11 छात्राओं ने उनके खिलाफ शिकायतें की थीं. आरोपों में छात्रों को बैठकों के बहाने अपने आवास पर बुलाने और अनुचित व्यवहार करने के दावे शामिल हैं. अकोइजम आरोपों से इनकार कर चुके हैं. पुलिस की जांच जारी है.
