उत्तर-पश्चिम दिल्ली के किराड़ी क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए 263.45 करोड़ रुपये की नई ट्रंक ड्रेन परियोजना को मंजूरी मिल गई है. दिल्ली सरकार की व्यय वित्त समिति ने परियोजना की संशोधित लागत को स्वीकृति दी है.
प्रस्तावित ड्रेन रेलवे लाइन के साथ मुंडका हॉल्ट से सप्लीमेंटरी ड्रेन तक करीब 4.48 किलोमीटर लंबी होगी. इसकी जलनिकासी क्षमता 760 क्यूसेक रखी गई है. परियोजना से किराड़ी की करीब 70 अनधिकृत कॉलोनियों के अलावा मुंडका, बवाना और नांगलोई जाट के कुछ हिस्सों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है.
सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, किराड़ी में 100 से अधिक अनधिकृत कॉलोनियों में सीवर व्यवस्था नहीं है. इससे मानसून के दौरान सीमित ड्रेनेज नेटवर्क पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है. क्षेत्र के कैचमेंट से अनुमानित 1,193 क्यूसेक वर्षाजल निकलता है, जबकि मौजूदा किराड़ी सुलेमान नगर ड्रेन की क्षमता 88 क्यूसेक बताई गई है.
परियोजना की शुरुआती अनुमानित लागत 220.93 करोड़ रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 263.45 करोड़ रुपये किया गया है. संशोधित अनुमान में निर्माण कार्य, पर्यावरणीय सुरक्षा, रखरखाव और रेलवे स्टोर हटाने से जुड़े खर्च शामिल हैं. निर्माण दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
