महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में 55 वर्षीय शिक्षक जीवन मिथारी एक छात्रा को पढ़ाने के लिए रोजाना पांच किलोमीटर पैदल चलते हैं. वह गगनबावड़ा तालुका के कवलटेक धनगरवाड़ा स्थित जिला परिषद स्कूल पहुंचने के लिए घने जंगल, कच्चे रास्ते और बारिश के बीच सफर करते हैं. इस इलाके में गौर और तेंदुए जैसे वन्यजीवों की आवाजाही भी रहती है.
मिथारी 26 जुलाई 2013 से इस स्कूल में सेवाएं दे रहे हैं. मुख्य सड़क से स्कूल की दूरी करीब ढाई किलोमीटर है और गांव में बिजली तथा वाहनों की सुविधा नहीं है. इस वर्ष स्कूल में आधिकारिक रूप से केवल तीसरी कक्षा की छात्रा स्वरा बोडके का नाम दर्ज है. उसकी छोटी बहन भी उसके साथ स्कूल आती है, क्योंकि गांव में आंगनवाड़ी केंद्र नहीं है.
मिथारी के मुताबिक, अगर स्कूल बंद हो गया तो बच्चों को नजदीकी ढुंडावड़े स्कूल जाने के लिए रोजाना 11 किलोमीटर पैदल चलना पड़ेगा, जो मानसून में बेहद कठिन होगा. वह मई 2029 में सेवानिवृत्त होंगे. उनका कहना है कि बच्चों की संख्या कम हो या ज्यादा, शिक्षक के रूप में अपना कर्तव्य निभाना जरूरी है.
