नई दिल्ली स्थित कृषि भवन परिसर की 100 साल से अधिक पुरानी कदीमी मस्जिद को हटाने के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट 23 नवंबर को सुनवाई करेगा. मस्जिद को सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के दायरे में बताया गया है.

मोहम्मद यासिर की ओर से दाखिल याचिका में मस्जिद को गिराने से रोकने की मांग की गई है. सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील एम. सुफियान सिद्दीकी ने कहा कि 266 वर्ग गज में बनी मस्जिद अब भी इस्तेमाल में है और इसे हटाए जाने का खतरा है.

याचिकाकर्ता ने तत्कालीन अधिकारियों और दिल्ली वक्फ बोर्ड के पूर्ववर्ती निकाय के बीच हुए 1945 के समझौते का हवाला दिया. उनका तर्क है कि केंद्र सरकार को समझौते की शर्तों का पालन किए बिना परिसर पर दोबारा कब्जा लेने या मस्जिद गिराने का अधिकार नहीं है.

अदालत ने संपत्ति के स्वामित्व, उसके संरक्षित स्मारक न होने और सरकारी पुनर्विकास योजना के संदर्भ में न्यायिक हस्तक्षेप की गुंजाइश पर सवाल उठाए. केंद्र की ओर से याचिका का विरोध करते हुए इसे पहले से लंबित मामले का दायरा बढ़ाने की कोशिश बताया गया. हाईकोर्ट ने इस चरण पर मामले के गुण-दोष पर कोई अंतिम फैसला नहीं दिया है.