दिल्ली के लाजपत नगर इलाके में एक इमारत के बेसमेंट में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है. घटना 18 नवंबर 2026 को लाजपत नगर-II स्थित बिल्डिंग नंबर G-5 में हुई.

पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 1:17 बजे लाजपत नगर थाने में PCR कॉल मिली थी. कॉल में इमारत में आग लगने और कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की सूचना दी गई थी. मौके पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें पहुंचीं तथा दो लोगों को बाहर निकाला गया.

एडिशनल डीसीपी आईपीएस उत्कर्ष के मुताबिक, रेस्क्यू किए गए लोगों में गौरव नाम के व्यक्ति को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. दूसरे घायल व्यक्ति प्रेम सिंह शर्मा का ICU में इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति गंभीर बताई गई है.

वेल्डिंग के दौरान आग लगने की आशंका

शुरुआती जांच में सामने आया है कि इमारत के बेसमेंट में वेल्डिंग का काम चल रहा था. आशंका है कि वहां आग से सुरक्षा संबंधी उपकरण लगाने का काम किया जा रहा था, इसी दौरान आग भड़की. हालांकि, आग लगने के सटीक कारण की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.

पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 19 नवंबर को फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच की. पुलिस घटना के कारणों तथा सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है.