नई दिल्ली: लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन पर सोमवार सुबह 57 वर्षीय व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि व्यक्ति ने प्लेटफॉर्म से आती हुई मेट्रो ट्रेन के सामने छलांग लगाई थी.
मृतक की पहचान दिल्ली के कोटला मुबारकपुर निवासी संजय चोपड़ा के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि चोपड़ा कथित तौर पर Life Insurance Corporation (LIC) के एजेंट के रूप में काम करते थे.
पुलिस को घटना की सूचना सुबह करीब 9 बजे नेहरू प्लेस मेट्रो पुलिस स्टेशन में मिली. टीम जब लाजपत नगर स्टेशन पहुंची, तब तक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी. इसके बाद शव को ट्रैक से हटाया गया.
पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज की जांच में चोपड़ा के प्लेटफॉर्म नंबर 1 से सुबह 8:41 बजे ट्रैक पर कूदने की बात सामने आई. ट्रेन कश्मीरी गेट की दिशा से आ रही थी.
घटनास्थल से एक सुसाइड नोट और PAN कार्ड भी बरामद किया गया है. परिवार को सूचना दे दी गई है. शव को कानूनी औपचारिकताओं के लिए सफदरजंग अस्पताल भेजा जा रहा है. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
