भारत की जनवादी नौजवान सभा (DYFI) की लखीसराय जिला कमिटी ने 2 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्णय लिया है. संगठन के नेताओं के अनुसार, जिले से सैकड़ों युवा इस कार्यक्रम में शामिल होंगे.
रविवार को दामोदरपुर रोड स्थित जिला कार्यालय में हुई बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दीपक कुमार वर्मा ने की. बैठक की शुरुआत सीमा पर शहीद जवानों और बाढ़ में जान गंवाने वाले नागरिकों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर की गई. इसके बाद शोक प्रस्ताव पारित किया गया.
बैठक में बताया गया कि दिल्ली के कार्यक्रम में देशभर से आए युवा रोजगार, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े सवालों को केंद्र सरकार के समक्ष रखेंगे.
जिला कमिटी ने आने वाले महीनों में सदस्यता अभियान चलाने का भी फैसला किया. जिले के सभी प्रखंडों में संगठन की कमिटियां गठित करने पर सहमति बनी. बैठक में जिला सचिव आनंद कुमार, जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. संगठन को प्रखंड स्तर तक मजबूत करने और युवाओं के मुद्दों पर अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई.
