नई दिल्ली में दक्षिण जिला पुलिस ने अवैध और प्रतिबंधित पटाखों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 265 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं. इस मामले में 39 वर्षीय विपिन गर्ग को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस के अनुसार, एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड को मदनगीर इलाके में पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री की सूचना मिली थी. सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने 5 अक्टूबर 2026 को संबंधित परिसर में छापा मारा. कार्रवाई के दौरान वहां बड़ी मात्रा में पटाखे मिले, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया.

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति दिल्ली के नेब सराय का रहने वाला है और बरामद पटाखों को त्योहारों के दौरान बिक्री के लिए रखने का आरोप है. मामले में अंबेडकर नगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है.

अधिकारियों के मुताबिक, प्रतिबंधित पटाखों की अवैध बिक्री, भंडारण और इस्तेमाल पर निगरानी जारी है. पुलिस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अनुज चौधरी ने किया. आगे की जांच में पटाखों की खरीद और संभावित आपूर्ति नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.