मध्य प्रदेश में करीब 21 साल बाद लोक परिवहन बस सेवा फिर शुरू की गई है. मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के पहले चरण में 25 सितंबर को 351 बसों का संचालन शुरू हुआ. ये बसें सात शहरों में इंटरसिटी और इंट्रासिटी रूट पर चलेंगी. सेवा का शुभारंभ भोपाल के भेल दशहरा मैदान से मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया.
नई व्यवस्था का उद्देश्य गांवों और शहरों के बीच सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना है. बसों का संचालन सार्वजनिक-निजी भागीदारी यानी PPP मॉडल पर किया जाएगा. सरकार ने अगले चरणों में हर जिले और प्रमुख नगरों तक सेवा विस्तार की योजना बनाई है.
बसों की लोकेशन और समयबद्धता पर नजर रखने के लिए इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बसों में GPS या वाहन लोकेशन ट्रैकिंग, CCTV कैमरे और पैनिक बटन जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं.
राज्य सरकार का लक्ष्य 2031 तक बसों का बेड़ा बढ़ाकर 15,000 करने का है. इसके लिए हर साल करीब 2,500 से 3,000 नई बसें जोड़ने की योजना बताई गई है.
