तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने मंगलवार, 27 अक्टूबर को दिल्ली हाईकोर्ट में कहा कि वह भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ किया गया अपना संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट हटा देंगी. इस पोस्ट में दुबे को ‘फेक डिग्री किस्म का आदमी’ कहा गया था.
यह बयान दुबे की ओर से मोइत्रा और पूर्व वित्त सचिव सुभाष चंद्र गर्ग के खिलाफ दायर मानहानि मामले की सुनवाई के दौरान आया. अदालत ने दोनों को समन जारी कर जवाब दाखिल करने को कहा है. दुबे ने मामले में माफी, स्थायी रोक और दो करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है.
सुनवाई के दौरान गर्ग के वकील ने भी कहा कि वह संबंधित पॉडकास्ट से उस हिस्से को हटाने या ब्लॉक कराने का अनुरोध करेंगे, जिसमें दुबे के लिए ‘ब्लैकमेलिंग किस्म का आदमी’ जैसी टिप्पणी की गई थी. न्यायमूर्ति तुषार राव गेडेला ने इस शब्द को अपमानजनक बताया और कहा कि ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए.
मोइत्रा के वकील ने कहा कि दोनों सांसदों के बीच विवाद राजनीतिक है और पोस्ट हटाने का आश्वासन देने के बावजूद मोइत्रा दुबे की डिग्री पर सवाल उठाने का अपना अधिकार बनाए रखती हैं. अदालत ने इन बयानों को आदेश में दर्ज किया.
