दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में एक हेड कॉन्स्टेबल पर कथित तौर पर बेसबॉल बैट से हमला किया गया. घटना 23 सितंबर की रात करीब 12:15 बजे की बताई गई है. घायल पुलिसकर्मी की पहचान कृष्णा के रूप में हुई है, जो Aman Vihar थाने में तैनात हैं.
कृष्णा के अनुसार, वह ड्यूटी खत्म करने के बाद घर लौट रहे थे और अपनी बीमार पत्नी के लिए एक दुकान से कोल्ड ड्रिंक लेने रुके थे. उनका आरोप है कि दुकान के पास कुछ युवकों ने उनसे बदसलूकी की. उन्होंने उन्हें डांटकर वहां से जाने को कहा, लेकिन कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद 7-8 युवकों ने उनका पीछा कर बेसबॉल बैट से हमला किया.
घटना CCTV कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है. कृष्णा ने कहा कि हमले में उनकी आंख के पास पांच टांके लगे हैं. उनके मुंह और जबड़े में भी चोट आई है, जिससे उन्हें खाने-चबाने में परेशानी हो रही है.
हेड कॉन्स्टेबल ने सोने की चेन और मोबाइल छीने जाने का भी आरोप लगाया. उनके मुताबिक, मोबाइल बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया. उन्होंने यह भी दावा किया कि FIR दर्ज कराने के लिए विजय विहार थाने जाने पर क्षेत्राधिकार का हवाला देकर उन्हें मंगोलपुरी थाने भेजा गया. इस मामले में पुलिस की तत्काल आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है.
