दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे जूता बनाने और सामान रखने वाली फैक्टरी में आग लग गई. हादसे के बाद छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया और संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में इनमें से चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो का इलाज चल रहा है.
दमकल और बचाव टीमों ने इमारत से लोगों को बाहर निकाला. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कुछ लोगों को इमारत की चौथी मंजिल से भी रेस्क्यू किया गया.
दिल्ली फायर सर्विस के सहायक मंडल अधिकारी पारस कुमार ने बताया कि आग फैक्टरी के बेसमेंट में लगी थी. टीम ने आग पर काबू पाकर उसे आगे फैलने से रोक दिया. अधिकारी के अनुसार, आग पूरी तरह बुझ चुकी है और घटनास्थल पर कूलिंग प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने कहा कि अंदर अब कोई व्यक्ति नहीं बचा है.
आग लगने की वजह और फैक्टरी में सुरक्षा इंतजामों को लेकर विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है.
