दिल्ली के मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 स्थित जूता निर्माण फैक्ट्री में शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे आग लग गई. हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य का संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में इलाज चल रहा है.
दमकल और पुलिस टीमों ने फैक्ट्री से छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने चार लोगों को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान की प्रक्रिया अभी जारी है.
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारी के अनुसार, आग सबसे पहले फैक्ट्री के बेसमेंट में लगी थी. भारी धुएं के बीच एक व्यक्ति को तीसरी मंजिल की सीढ़ियों से और पांच अन्य लोगों को चौथी मंजिल से बाहर निकाला गया. अधिकारियों ने आग को बेसमेंट तक सीमित कर दिया और बाद में कूलिंग अभियान चलाया.
घटनास्थल पर राहत और तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने बैरिकेड लगाए, ताकि बचाव कार्य में बाधा न आए. आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस फैक्ट्री मालिक, ठेकेदार और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है.
