दिल्ली के मयूर विहार फेज-2 स्थित एक स्कूल में तीसरी कक्षा की 9 वर्षीय छात्रा की क्लासरूम में मौत हो गई. घटना उस समय हुई, जब बच्ची गेम्स पीरियड के बाद कक्षा में लौटकर शिक्षिका से बात कर रही थी. शिक्षकों के मुताबिक, वह काफी थकी हुई लग रही थी और बात करते-करते अचानक फर्श पर गिर गई.
स्कूल स्टाफ ने बच्ची को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया. बाद में उसे निर्माण विहार स्थित मलिक हॉस्पिटल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने मौत की वजह कार्डिएक अरेस्ट होने की आशंका जताई है. हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.
शिक्षकों ने बताया कि बच्ची के गिरने के बाद उसे उठाकर कुर्सी पर बैठाने की कोशिश की गई, लेकिन वह पूरी तरह बेसुध थी. गिरने से उसकी ठोड़ी पर चोट लगी थी और खून भी आया था.
परिवार ने स्कूल की मेडिकल इमरजेंसी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. परिजनों ने पूछा कि बच्ची के गिरते ही उसे CPR क्यों नहीं दिया गया. प्रिंसिपल ने बताया कि स्टाफ को शुरुआत में लगा कि बेहोशी चेहरे पर लगी चोट की वजह से हुई है. उन्होंने कहा कि इसी कारण बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्य पोस्टमॉर्टम तथा जांच के बाद स्पष्ट होंगे.
