पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर इलाके में कपड़ों के एक शोरूम के चेंजिंग रूम में 18 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान शबनम के रूप में हुई है, जो मोती नगर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित शोरूम में काम करती थी.
पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम ड्यूटी खत्म होने के समय एक परिचित युवक शोरूम पहुंचा था. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह युवती को चेंजिंग रूम में ले गया और धारदार हथियार से उसके गले पर हमला किया. इसके बाद वह मौके से फरार हो गया.
घटना का पता रात करीब नौ बजे चला, जब शोरूम कर्मचारी बंद करने से पहले चेंजिंग रूम की जांच कर रहे थे. वहां शबनम का शव खून से लथपथ हालत में मिला. सूचना के बाद मोती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
व्यक्तिगत संबंधों में तनाव का एंगल
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी और शबनम पहले से एक-दूसरे को जानते थे. दोनों के बीच पहले दोस्ती थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से संबंधों में तनाव चल रहा था. पुलिस एकतरफा प्रेम और व्यक्तिगत संबंधों में आई दरार समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है.
शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान, घटनाक्रम और फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके. पुलिस टीमें संदिग्ध की तलाश में दबिश दे रही हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद हत्या से जुड़े तथ्यों की स्थिति और स्पष्ट होगी.
