बाहरी दिल्ली के नांगलोई थाना क्षेत्र के लक्ष्मी पार्क इलाके में बुधवार देर रात एक महिला की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान रूबी (30) के रूप में हुई है. उसके पति विकास (35) पर हमला करने का आरोप है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पति-पत्नी के बीच आर्थिक तंगी को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद के दौरान विकास ने रसोई में रखे चाकू से रूबी पर 9 से 10 वार किए. महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग और मकान मालिक मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था.
घायल रूबी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दंपती करीब एक महीने पहले ही पीर बाबा रोड स्थित किराये के मकान में रहने आए थे. दोनों का 11 साल का एक बेटा है, जो गांव में रहता है. मामले की जांच जारी है और हत्या के पीछे के पूरे कारणों की पुष्टि की जा रही है.
