भारतीय नौसेना का 2026 का दूसरा कमांडर्स सम्मेलन नई दिल्ली स्थित नौसेना भवन में शुरू हो गया है. तीन दिवसीय यह सम्मेलन 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगा. इसमें नौसेना के वरिष्ठ नेतृत्व, संचालनात्मक कमांडरों और क्षेत्रीय कमांडरों की भागीदारी है.
सम्मेलन में सैन्य-रणनीतिक स्तर पर नौसेना की संचालनात्मक तैयारियों की व्यापक समीक्षा की जा रही है. इसके साथ ही समुद्री सुरक्षा, भविष्य की क्षमता-विकास योजनाओं और बदलते भू-राजनीतिक माहौल पर भी विचार-विमर्श हो रहा है.
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के बीच भारत के ऊर्जा हितों की सुरक्षा सम्मेलन के प्रमुख विषयों में शामिल है. नौसेना के ‘ऑपरेशन ऊर्जा सुरक्षा’ से जुड़े प्रयासों और हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की भूमिका पर भी चर्चा हो रही है.
29 सितंबर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सम्मेलन को संबोधित किया. उन्होंने समुद्री क्षेत्र में बढ़ती जटिलताओं, निगरानी और प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि भारत हिंद महासागर क्षेत्र में प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता और भरोसेमंद सुरक्षा साझेदार की भूमिका निभा रहा है.
