नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) ने दिल्ली के प्रमुख इलाकों में नागरिक सेवाओं की निगरानी के लिए 24x7 Command and Control Centre तैयार किया है. यह केंद्र CCTV फुटेज और फील्ड रिपोर्ट्स के आधार पर सफाई, सड़कों, बिजली, चिकित्सा सेवाओं, पार्किंग, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण से जुड़ी व्यवस्थाओं पर नजर रखेगा.
NDMC ने निगरानी के लिए 41 प्रमुख सड़कों की पहचान की है. इन इलाकों को 14 सर्किल में बांटा गया है और प्रत्येक सर्किल के लिए नोडल अधिकारी तथा उनकी टीमें तैनात की गई हैं. अधिकारियों को रोजाना फील्ड निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति जांचने के निर्देश दिए गए हैं.
निगरानी वाले प्रमुख मार्गों में संसद मार्ग, रफी मार्ग, अशोक रोड, जनपथ, कनॉट प्लेस की सड़कें, शांति पथ, सरदार पटेल मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, अरबिंदो मार्ग और लोधी रोड शामिल हैं.
NDMC के अनुसार, कमांड सेंटर से शिकायतों और मैदानी रिपोर्ट्स पर त्वरित समन्वय किया जाएगा. यह व्यवस्था BRICS Summit से पहले नई दिल्ली के हाई-सिक्योरिटी और कूटनीतिक क्षेत्र में नागरिक सेवाओं को सुचारु रखने की तैयारियों का हिस्सा है.
