ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा ने दिल्ली पुलिस के उस नोटिस को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें उन्हें जांच पूरी होने तक शांति बनाए रखने के लिए 10,000 रुपये का व्यक्तिगत बॉन्ड और एक जमानतदार पेश करने को कहा गया था.
यह नोटिस 16 अक्टूबर को दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ हुए विरोध-प्रदर्शन और तिरंगा मार्च के बाद जारी किया गया. याचिका में बोरा ने नोटिस को अस्पष्ट और प्रथमदृष्टया तथ्यात्मक रूप से गलत बताया है. उन्होंने दावा किया कि पुलिस की कार्रवाई शांतिपूर्ण असहमति और मौलिक अधिकारों को दबाने वाली है.
मामले में विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धाराओं 126 और 130 तथा धारा 135(3) के तहत कार्रवाई का आधार बताया है. नोटिस में मंडी हाउस में नारेबाजी, जंतर-मंतर के आसपास प्रतिबंधों के बावजूद प्रदर्शन और कनॉट प्लेस में लोगों को प्रदर्शन के लिए कथित तौर पर उकसाने का उल्लेख है.
दिल्ली हाईकोर्ट में दशहरा अवकाश चल रहा है और अदालत के 26 अक्टूबर को फिर खुलने की जानकारी सामने आई है. बोरा की कानूनी टीम अवकाश के दौरान तत्काल सुनवाई का अनुरोध कर सकती है.
