नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट AISA अध्यक्ष नेहा बोरा की याचिका पर 22 अक्टूबर को सुनवाई करेगा. बोरा ने दिल्ली पुलिस की ओर से जारी उस नोटिस को चुनौती दी है, जिसमें उन्हें पूछताछ की अवधि के दौरान शांति बनाए रखने के लिए ₹10,000 का निजी बॉन्ड और एक जमानतदार पेश करने का निर्देश दिया गया है.

मामला न्यायमूर्ति सुब्रमणियम प्रसाद के समक्ष है. 21 अक्टूबर को बोरा के वकील ने सुनवाई स्थगित करने का अनुरोध किया, जिसके बाद अदालत ने याचिका को अगले दिन के लिए सूचीबद्ध किया.

याचिका में विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट की ओर से शुरू की गई निवारक कार्यवाही और नोटिस को रद्द करने की मांग की गई है. साथ ही, पुलिस को बोरा के खिलाफ कोई दंडात्मक कदम नहीं उठाने का निर्देश देने का अनुरोध किया गया है.

रिपोर्ट्स के अनुसार, नोटिस भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धाराओं 126, 130 और 135(3) के तहत जारी किया गया है. बोरा को 19 अक्टूबर को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश होने को कहा गया था.