AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा की याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट ने गुरुवार को सुनवाई पूरी करने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया. मामला विशेष कार्यकारी दंडाधिकारी (SEM) की ओर से जारी उस नोटिस से जुड़ा है, जिसमें बोरा से 10,000 रुपये का व्यक्तिगत बॉन्ड और एक जमानतदार देने तथा जांच अवधि में शांति बनाए रखने को कहा गया था.

सुनवाई के दौरान बोरा की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने दलील दी कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता परिवर्तन की मांग करना अपने आप में गलत नहीं है. उन्होंने कहा कि बोरा ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया था और हिंसा के लिए कोई अपील नहीं की. बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि मंडी हाउस पहुंचने के 10 से 15 मिनट बाद ही बोरा को हिरासत में ले लिया गया.

सरकार की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने तर्क दिया कि सत्ता परिवर्तन वोट के जरिए होना चाहिए, न कि कथित उपद्रवी तत्वों के माध्यम से. अदालत ने निवारक कार्रवाई में स्वतंत्र जांच, नोटिस के आधार और व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जुड़े प्रक्रियात्मक safeguards पर भी सवाल किए. अदालत का आदेश शुक्रवार शाम छह बजे सुनाए जाने की जानकारी दी गई है.