नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने चाणक्यपुरी स्थित नेहरू पार्क में बड़ा ट्यूलिप गार्डन विकसित करने की योजना बनाई है. इसके लिए पार्क के भीतर जगह चिह्नित कर स्थल तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है. प्रस्तावित गार्डन शांति पथ पर होने वाली मौजूदा ट्यूलिप सजावट का अतिरिक्त विकल्प होगा.
एनडीएमसी के अनुसार, गार्डन में आगंतुकों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी. परिवारों के साथ समय बिताने के लिए मनोरंजन गतिविधियों, संगीत और ड्रोन फोटोग्राफी जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं. शांति पथ पर ट्यूलिप देखने पहुंचने वाले लोगों को अक्सर पार्किंग और सड़क पर वाहनों की वजह से जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है.
ट्यूलिप आमतौर पर 20 से 25 दिन तक खिलते हैं. इसलिए नेहरू पार्क को पूरे साल आकर्षक बनाए रखने के लिए अलग-अलग मौसमों में खिलने वाले फूल लगाए जाएंगे. एनडीएमसी इसे ‘वैली ऑफ फ्लावर्स’ की तर्ज पर विकसित करना चाहती है.
आगामी सर्दी के मौसम के लिए एनडीएमसी ने नीदरलैंड से 4.67 लाख ट्यूलिप बल्ब मंगाने का आदेश दिया है. इनमें तीन लाख बल्ब एनडीएमसी क्षेत्र के पार्कों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए जाएंगे, जबकि 1.67 लाख बल्ब डीडीए के पार्कों और अन्य स्थानों के लिए होंगे. बल्ब दिसंबर में लगाए जाने हैं और जनवरी के अंत से फूल खिलने की उम्मीद है.
