नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पास सोमवार दोपहर तीन ATM मशीनों में आग लग गई. दिल्ली फायर सर्विसेज के अनुसार, आग की सूचना दोपहर 3:54 बजे मिली, जिसके बाद चार दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया.

दमकलकर्मियों ने शाम 4:40 बजे तक आग पर काबू पा लिया. अधिकारियों के मुताबिक, ATM मशीनें एक टिन शेड के नीचे स्थित थीं. आग की लपटों से पास के CCTV कक्ष में लगे स्प्लिट एयर कंडीशनर का इनडोर यूनिट भी प्रभावित हुआ.

घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. आग किस वजह से लगी, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है. अधिकारियों ने नुकसान का विस्तृत आकलन और कारणों की जांच शुरू कर दी है.