नई दिल्ली में श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने संस्कृत को भारत की भाषाई और सांस्कृतिक एकता से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी बताया. उन्होंने कहा कि भारत की सभी भाषाएं समृद्ध सभ्यता और संस्कृति को अपने भीतर समेटे हुए हैं, जबकि संस्कृत भाषाओं, दर्शन और ज्ञान-परंपरा को व्यापक सांस्कृतिक चेतना से जोड़ती है.
समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों के 1,497 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गईं. मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक भी दिए गए. केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकान्त मजूमदार समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए.
उपराष्ट्रपति ने कहा कि संस्कृत को केवल अतीत की भाषा मानना उसके व्यापक स्वरूप को सीमित करना होगा. दर्शन, साहित्य, गणित, विज्ञान, ज्योतिष, चिकित्सा और आध्यात्मिक चिंतन से जुड़े संस्कृत ग्रंथों में मौजूद ज्ञान को आधुनिक शोध, तकनीक और वैश्विक संवाद के जरिए नई पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है.
उन्होंने दुर्लभ और अप्रकाशित संस्कृत पांडुलिपियों की खोज, संरक्षण, वैज्ञानिक अध्ययन और प्रकाशन को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताया. ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पांडुलिपियों का संरक्षण भविष्य के लिए ज्ञान के नए अवसर खोल सकता है.
मजूमदार ने संस्कृत को कंप्यूटर, आधुनिक भाषाविज्ञान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीक से जोड़ने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि संस्कृत और एआई का समन्वय भाषा-प्रौद्योगिकी तथा ज्ञान के नए क्षेत्रों के विकास में सहायक हो सकता है.
