दिल्ली के न्यू सीमापुरी इलाके में ईदगाह मछली मंडी के पास गिरी इमारत के मलबे से गुरुवार को एक और शव बरामद किया गया. इसके साथ हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है. अधिकारियों के मुताबिक, मलबे में अभी 2-3 लोगों के फंसे होने की आशंका है और राहत-बचाव अभियान जारी है.
हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, ताहिरपुर भेजा गया है. इससे पहले बुधवार को तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी. मृतकों में करीब 12 साल की बच्ची और 21 वर्षीय गर्भवती महिला गुलफ्शा शामिल थीं. तीसरे मृत बच्चे की पहचान नहीं हो सकी थी.
संकरी गलियों में बचाव अभियान
रेस्क्यू टीमों ने मलबा हटाने के लिए चार JCB मशीनों, एंबुलेंस और स्निफर डॉग्स की मदद ली. घनी आबादी और संकरी गलियों के कारण बचाव कार्य में परेशानी आई. फायर कंट्रोल को बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं.
इमारत गिरने से आसपास की दो इमारतों को भी नुकसान पहुंचा. पास की ईदगाह की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त हुई, जबकि बिजली का पोल टूटने और तारों को नुकसान पहुंचने के बाद इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई.
इमारत की उम्र और हादसे की वजह की जांच
MCD के अनुसार, इमारत DUSIB की करीब 25 वर्ग गज जमीन पर बनी थी और 20-25 साल पुरानी थी. अधिकारियों ने इसे ग्राउंड प्लस तीन मंजिल की इमारत बताया, जबकि स्थानीय लोगों ने इसमें पांच मंजिल होने की बात कही है.
स्थानीय लोगों ने MCD अधिकारियों को बताया कि एक दिन पहले आए भूकंप के बाद इमारत में दरारें आई थीं और मालिक इसे खाली कराने की कोशिश कर रहा था. पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों के मुताबिक, इमारत गिरने की वास्तविक वजह जांच के बाद सामने आएगी.
