उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रामगढ़ इलाके में 45 वर्षीय MCD सफाईकर्मी विजय प्रकाश उर्फ सोनू की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम हुए झगड़े के बाद उन पर पत्थरों और डंडों से हमला किया गया. मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है.

पुलिस के मुताबिक, जहांगीरपुरी निवासी विजय प्रकाश गंभीर रूप से घायल हालत में मिले थे. उन्हें बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद स्थानीय युवक जोजो से हुआ था. इसके बाद उसने अपने बड़े भाई अमित और दो-तीन अन्य साथियों को बुलाया, जिन्होंने कथित तौर पर विजय पर हमला किया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित (22), सोनू (19), राहुल उर्फ सिकंजी (23) और सोनू (23) के रूप में हुई है. पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की. महेंद्र पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत FIR दर्ज की गई है. पुलिस अमित और जोजो समेत अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है.