दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में UPSC की तैयारी कर रहे 25 वर्षीय छात्र अल्ता भारत कुमार रेड्डी की मौत हो गई. वह मूल रूप से आंध्र प्रदेश का रहने वाला था. पुलिस के अनुसार, सोमवार, 19 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:38 बजे छात्र के फ्लैट से जुड़ी सूचना मिली थी.

पुलिस मौके पर पहुंची तो छात्र अपने बंद फ्लैट के अंदर मृत मिला. घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट बरामद किया गया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, नोट में पढ़ाई से जुड़े तनाव और अवसाद का उल्लेख है.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है. प्रारंभिक जांच में अब तक किसी बाहरी व्यक्ति की भूमिका या गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं. हालांकि, मौत की पूरी वजह स्पष्ट करने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

ओल्ड राजेंद्र नगर दिल्ली में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों का प्रमुख इलाका है.