नई दिल्ली में पुराने राव तुला राम (RTR) फ्लाईओवर को दोबारा खोलने पर शनिवार को फैसला लिया जा सकता है. आईजीआई एयरपोर्ट से वसंत विहार की ओर जाने वाले कैरिजवे पर दो स्थानों पर दरारें मिलने के बाद इसे एहतियातन बंद किया गया था.

लोक निर्माण विभाग (PWD) ने प्रभावित हिस्सों की मरम्मत पूरी कर ली है. अब सड़क की सतह के सूखने और कंक्रीट को पर्याप्त मजबूती मिलने का इंतजार है. अधिकारियों के अनुसार, इंजीनियरों की सुरक्षा जांच और मंजूरी के बाद ही फ्लाईओवर पर यातायात बहाल किया जाएगा.

फ्लाईओवर बंद होने से शुक्रवार को NH-48 पर APS कॉलोनी से वसंत विहार तक करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया. गुरुग्राम से दिल्ली आने वाले और एयरपोर्ट से वसंत विहार, आरके पुरम, मुनिरका तथा दक्षिण दिल्ली के अन्य इलाकों की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी हुई.

फिलहाल वाहनों को फ्लाईओवर से लगी सर्विस रोड और अन्य वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अतिरिक्त समय लेकर चलने और मौके पर तैनात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है.