दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में रविवार, 15 नवंबर को एक निर्माणाधीन इमारत का लेंटर गिरने से आठ मजदूर घायल हो गए. हादसा संगतराशन क्षेत्र में उस समय हुआ, जब दूसरी मंजिल पर छत का लेंटर डालने का काम चल रहा था.
सूचना मिलने के बाद दिल्ली दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
शुरुआती जांच में इमारत के सहायक पिलर गीले पाए जाने और पूरी संरचना के एक तरफ झुके होने की जानकारी सामने आई है. हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की आधिकारिक जांच अभी जारी है.
पुलिस के अनुसार, कुछ घायलों को फ्रैक्चर होने की सूचना है, जबकि कुछ को मामूली चोटें आई हैं. अधिकारियों ने घटनास्थल को घेरकर लोगों को मलबे से दूर रहने की सलाह दी. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
