दिल्ली के पितमपुरा इलाके में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात को पुलिस ने करीब 12 घंटे में सुलझाने का दावा किया है. मामले में तीन संदिग्धों को पकड़ा गया है, जिनमें एक 19 वर्षीय युवक और कानून के संघर्ष में आए दो बच्चे शामिल हैं.

पुलिस के अनुसार, घटना 6 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:45 बजे Movie Time Cinema के पास एक quick-commerce और online grocery delivery store के नजदीक हुई. शिकायतकर्ता 19 वर्षीय युवक ने बताया कि तीन लड़कों ने उसे घेरकर धमकाया और कैश काउंटर से करीब ₹45,000 लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए.

मौर्या एन्क्लेव थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने तकनीकी जांच और स्थानीय सूचना के आधार पर वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही मोटरसाइकिल को शालीमार बाग के साहिपुर गांव से ट्रेस किया. इसके बाद छापेमारी कर तीनों को पकड़ा गया.

पुलिस ने 19 वर्षीय संदिग्ध की पहचान अभिषेक उर्फ छोटू के रूप में बताई है. उसके पास से ₹21,000 नकद और एक खंजर बरामद होने की जानकारी दी गई है. मामले की आगे जांच जारी है.