प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के पुराना किला में पहले Shanghai Cooperation Organisation (SCO) Civilisational Dialogue Forum का उद्घाटन करेंगे. प्रधानमंत्री शाम करीब 5:30 बजे कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे. यह तीन दिवसीय मंच 20 से 22 नवंबर तक चलेगा.
इस पहल का उद्देश्य SCO देशों की साझा और परस्पर जुड़ी सभ्यतागत विरासत को सामने लाना, लोगों के बीच संपर्क मजबूत करना और सांस्कृतिक संवाद व सहयोग को बढ़ावा देना है. इस मंच की स्थापना का प्रस्ताव प्रधानमंत्री मोदी ने 2025 में चीन के तियानजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन के दौरान रखा था. बाद में बिश्केक घोषणा में इस प्रस्ताव का स्वागत किया गया.
उद्घाटन समारोह में ‘Civilisations in Conversation - Cultural Show’ का आयोजन होगा. इसमें संगीत, नृत्य, दृश्य कथानक और वाचन के जरिए भारत और यूरेशिया के सांस्कृतिक संबंधों को प्रस्तुत किया जाएगा. कार्यक्रम की थीम ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ रखी गई है.
विरासत और संस्कृति पर चार सत्र
मंच पर ‘ASTITVA – The Essence of Our Existence’ नाम से भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत की प्रदर्शनी भी लगेगी. इसमें दिल्ली के 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के इतिहास से जुड़े पुरातात्विक अवशेष, कलाकृतियां और स्थापत्य खंड प्रदर्शित किए जाएंगे. 18वीं सदी की महाभारत पांडुलिपि ‘अनंत’ भी प्रदर्शनी का हिस्सा होगी.
21 और 22 नवंबर को चार विषयगत सत्र होंगे. इनमें सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां, कला एवं वास्तुकला, भाषा-साहित्य एवं पांडुलिपियां, तथा मठवासी, धार्मिक और दार्शनिक परंपराएं शामिल हैं.
