नई दिल्ली में विजयादशमी समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से उन ताकतों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया, जो देश के सम्मान, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत को नुकसान पहुंचाती हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे ‘दुश्मनों’ को पहचानकर उनका मुकाबला करना होगा.

प्रधानमंत्री ने IP Extension स्थित DDA Utsav Ground में रावण के पुतले के दहन में हिस्सा लिया. उन्होंने विजयादशमी को सत्य और मानवता की जीत का भरोसा दिलाने वाला पर्व बताया. उनके मुताबिक, यह त्योहार चुनौती कितनी भी बड़ी हो, सही उद्देश्य और एकजुट प्रयास के साथ सफलता हासिल करने का साहस देता है.

रामराज्य और सुशासन का उल्लेख

अपने संबोधन में मोदी ने भगवान राम के आदर्शों को सुशासन से जोड़ा. उन्होंने कहा कि रामराज्य का अर्थ ऐसा शासन है, जिसमें किसी के साथ भेदभाव न हो, सभी को न्याय और समान अवसर मिले तथा सत्ता का उद्देश्य जनता की सेवा हो. उन्होंने गरीब और वंचित वर्गों की सेवा को प्राथमिकता देने की बात कही.

प्रधानमंत्री ने राम की लंका यात्रा का उदाहरण देते हुए आत्मनिर्भरता, दृढ़ संकल्प और सामूहिक शक्ति पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि संकटों के सामने दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय देश को अपनी क्षमताओं और संसाधनों पर भरोसा करना चाहिए.