पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में एक कैफे में 22 वर्षीय युवती के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य की तलाश की जा रही है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़िता और आरोपी कड़कड़डूमा के क्रॉस रिवर मॉल स्थित एक कैफे में साथ काम करते थे. 23 नवंबर की रात समूह प्रीत विहार के एक कैफे में पार्टी करने पहुंचा था. पुलिस के मुताबिक, कैफे बंद होने के बाद भी एक व्यक्ति के पास चाबी होने के कारण वहां देर रात तक पार्टी हुई. इस दौरान डांस और शराब पीने की बात सामने आई है.
पीड़िता ने आरोप लगाया कि दो युवकों ने उसके साथ यौन हमला किया, जबकि अन्य लोगों ने उनकी मदद की. समूह करीब 3:30 बजे कैफे से बाहर निकला. युवती सुबह लगभग 5:45 बजे थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिनमें चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं. जांच के तहत पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज किया जा रहा है और अदालत में भी उसका बयान दर्ज कराया जाएगा. पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े CCTV फुटेज मिलने की बात कही है. आरोपों की जांच जारी है.
