नई दिल्ली के पुराने किले में शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सभ्यता संवाद मंच का उद्घाटन होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम करीब 5:30 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और उपस्थित लोगों को संबोधित भी करेंगे. यह आयोजन 20 से 22 नवंबर तक चलेगा.

यह पहल 2025 में चीन के तियानजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के उस प्रस्ताव पर आधारित है, जिसमें संगठन के तहत सभ्यतागत संवाद के लिए एक समर्पित मंच बनाने की बात कही गई थी. बाद में बिश्केक घोषणा में इस प्रस्ताव का स्वागत किया गया.

उद्घाटन समारोह में संगीत, नृत्य, दृश्य कथावाचन और वर्णन पर आधारित ‘सभ्यताओं का संवाद’ सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा. इसकी थीम ‘वसुधैव कुटुंबकम—पूरी दुनिया एक परिवार’ रखी गई है.

आयोजन में ‘अस्तित्व—हमारे होने का सार’ प्रदर्शनी के जरिए 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक दिल्ली की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत दिखाई जाएगी. 18वीं सदी का दुर्लभ चित्रित महाभारत स्क्रॉल भी प्रदर्शित होगा. 21 और 22 नवंबर को संगीत, वस्त्र, खान-पान, पारंपरिक खेल, कला, वास्तुकला, भाषा, साहित्य और दार्शनिक परंपराओं पर चार विषयगत सत्र होंगे.