कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर 27 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) आरक्षण लागू करने और लंबित नियुक्तियों का रास्ता साफ करने की मांग की है. पत्र 22 सितंबर 2026 को लिखा गया.
राहुल गांधी के अनुसार, इंदौर में 19 सितंबर को आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार और भर्ती से जुड़े मुद्दे उठाए थे. इसी दौरान OBC आरक्षण के तहत अटकी नियुक्तियों का मामला भी सामने आया.
पत्र में कहा गया है कि कई अभ्यर्थियों ने चयन प्रक्रिया पूरी कर ली है, लेकिन 27 प्रतिशत आरक्षण से जुड़े 13 प्रतिशत पदों पर नियुक्तियां रोक दी गई हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन अभ्यर्थियों का इंतजार वर्ष 2022 से जारी है.
राहुल गांधी ने कहा कि राज्य में 27 प्रतिशत OBC आरक्षण का समर्थन सभी राजनीतिक दलों ने किया था, फिर भी मामला लंबित है. उन्होंने मुख्यमंत्री से अभ्यर्थियों की नियुक्ति पर बनी अनिश्चितता खत्म करने और आरक्षण को पूरी तरह लागू करने का आग्रह किया है.
