नई दिल्ली में निर्वाचन सदन के बाहर जारी विपक्षी सांसदों के धरने के बीच राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल का एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल रोल खाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि पास में सॉफ्ट ड्रिंक और पानी की बोतलें रखी हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ये रोल दिल्ली के आउटलेट ‘खान चाचा’ से मंगाए गए थे. वीडियो में राहुल गांधी को सॉफ्ट ड्रिंक पीते और नमकीन खाते भी देखा जा सकता है. इस दौरान वह प्रियंका गांधी से भी सॉफ्ट ड्रिंक पीने के लिए कहते नजर आते हैं. प्रियंका गांधी पहले थोड़ी हिचकिचाती दिखती हैं, जिसके बाद राहुल उन्हें इसे आजमाने के लिए कहते हैं.
SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन
यह घटनाक्रम उस समय का है, जब INDIA ब्लॉक के सांसद SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ संसद भवन से निर्वाचन सदन तक मार्च कर रहे थे. रिपोर्ट के मुताबिक, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ’ब्रायन समेत विपक्षी दलों के कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया.
धरना स्थल पर राहुल गांधी के लिए गद्दा और चादर बिछी दिखाई दी. राहुल गांधी ने कहा कि सांसद चुनाव आयुक्त से मिलेंगे और उन्हें मिलना ही पड़ेगा. उन्होंने चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी नेता आयोग से मिलकर अपनी बात रखना चाहते हैं.
चुनाव आयोग के सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि आयोग को कांग्रेस या किसी अन्य विपक्षी दल की ओर से बैठक के लिए अनुरोध नहीं मिला था.
