नई दिल्ली: दिल्ली के राजघाट और शांति वन चौराहों को जल्द रेडलाइट फ्री करने की तैयारी है. ट्रैफिक पुलिस और लोक निर्माण विभाग (PWD) की योजना के तहत दोनों जगहों के मौजूदा कट बंद किए जाएंगे और वाहनों को डबल यू-टर्न के जरिए आगे बढ़ाया जाएगा. दोनों स्थानों पर यू-टर्न तैयार किए जा चुके हैं. अब सिग्नल हटाने और कट बंद करने की प्रक्रिया बाकी है.

ऐसे बदलेगा वाहनों का रास्ता

शांति वन की ओर से जामा मस्जिद जाने वाले वाहनों को सिग्नल पर लेफ्ट टर्न लेकर राजघाट की दिशा में जाना होगा. इसके बाद घटा मस्जिद के सामने बने यू-टर्न से घूमकर जामा मस्जिद की ओर पहुंचा जा सकेगा. जामा मस्जिद से राजाराम कोहली मार्ग या राजघाट जाने वाले वाहन भी लेफ्ट टर्न लेकर आगे बने यू-टर्न का इस्तेमाल करेंगे.

राजघाट की ओर से गीता कॉलोनी जाने वाले वाहनों को सलीमगढ़ किले से पहले बने यू-टर्न से लौटना होगा. वहीं, दिल्ली गेट की दिशा से सराय काले खां या पूर्वी दिल्ली जाने वाले वाहन लेफ्ट टर्न लेकर घटा मस्जिद के सामने वाले यू-टर्न से आगे बढ़ेंगे.

अधिकारियों के अनुसार, व्यवस्था लागू होने पर राजघाट से सराय काले खां तक रिंग रोड का बड़ा हिस्सा सिग्नल फ्री हो सकता है. इस बदलाव का उद्देश्य चौराहों पर रुकने और क्रॉस ट्रैफिक से होने वाली देरी कम करना है.