दिल्ली में लाल किले के पास MCD के नाम वाली पार्किंग पर्चियों के जरिए कथित तौर पर अवैध शुल्क वसूलने के आरोप में पुलिस ने 40 वर्षीय मोहम्मद नौशाद को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी शास्त्री पार्क का रहने वाला है और लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 तथा अपर सुभाष मार्ग के आसपास वाहन चालकों से पार्किंग शुल्क ले रहा था.

पुलिस ने 19 नवंबर 2026 को सूचना के आधार पर कार्रवाई की. टीम ने मौके से आरोपी को पकड़ा और पार्किंग संचालन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह लाइसेंस, आवंटन पत्र या अन्य अनुमति पेश नहीं कर सका. उसके पास से 1,300 रुपये नकद और MCD के नाम वाली 100 पार्किंग पर्चियों की एक बुकलेट बरामद हुई. इनमें 18 पर्चियां इस्तेमाल की जा चुकी थीं, जबकि 82 खाली थीं.

अगस्त में रद्द हो चुका था लाइसेंस

जांच में सामने आया कि MCD ने नौशाद को 17 दिसंबर 2024 से तीन साल के लिए पार्किंग संचालन का लाइसेंस दिया था. पुलिस के मुताबिक, जरूरी बकाया राशि जमा नहीं करने के कारण यह लाइसेंस अगस्त 2026 में रद्द कर दिया गया था. इसके बाद भी वह MCD के नाम वाली पर्चियों का इस्तेमाल कर शुल्क वसूल रहा था.

मामले में 19 नवंबर को कोतवाली थाने में FIR संख्या 1066/2026 दर्ज की गई है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धाराओं 318(4) और 319(2) के तहत मामला दर्ज किया है. जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस वसूली में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं.