पश्चिम बंगाल की रेजीनगर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट के उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी ने अपना फैसला बदल दिया. उन्होंने पहले नामांकन वापस लेने और चुनाव नहीं लड़ने की बात कही थी, लेकिन कुछ घंटे बाद दोबारा प्रेस वार्ता कर चुनाव लड़ने का ऐलान किया.
चौधरी के मुताबिक, कार्यकर्ताओं को कथित तौर पर परेशान किए जाने और कम समय में नए ‘फुटबॉलर’ चुनाव चिह्न को मतदाताओं तक पहुंचाने में कठिनाई के कारण उन्होंने पीछे हटने का फैसला किया था. उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्होंने ममता बनर्जी को भी जानकारी दी थी.
बाद में चौधरी ने बताया कि पार्टी प्रमुख के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने उन्हें और उनके कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार के दौरान सुरक्षा देने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने उन्हें चुनावी मैदान से हटने के बजाय मुकाबला जारी रखने का निर्देश दिया है.
रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है. नंदीग्राम में ममता गुट की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे के नामांकन वापस लेने के बाद बनर्जी ने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देने की घोषणा की थी.
