दिल्ली के आरके पुरम इलाके में कार की टक्कर के बाद बाइक के कुछ दूरी तक घिसटने का मामला सामने आया है. घटना 17 सितंबर की रात करीब 10 बजे अफ्रीका एवेन्यू रोड पर भीकाजी कामा प्लेस से आरके पुरम मेट्रो स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई.
पुलिस के मुताबिक, मुनिरका गांव निवासी 21 वर्षीय तनीष टोकस सड़क किनारे अपनी काली बाइक पर बैठे थे. इसी दौरान वसंत कुंज निवासी 73 वर्षीय वेणु गोपाल की नीली Honda Amaze ने बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद तनीष बाइक से गिर गए और बाइक कार के नीचे फंसकर कुछ दूरी तक घिसटती चली गई.
पुलिस ने स्पष्ट किया कि तनीष कार के साथ नहीं घसीटे गए. उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया और उन्हें गंभीर चोट नहीं आई.
वायरल वीडियो के आधार पर आरके पुरम थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(a) के तहत FIR दर्ज की गई. पुलिस ने कार जब्त कर वेणु गोपाल को गिरफ्तार किया है. चालक की मेडिकल जांच में शराब के सेवन की पुष्टि नहीं हुई. मामले की जांच जारी है.
