नई दिल्ली: रोहिणी जिला अदालत ने पति की हत्या की कथित साजिश के मामले में चार साल से अधिक समय से जेल में बंद महिला को नियमित जमानत दे दी. अदालत ने कहा कि वह 22 फरवरी 2022 से हिरासत में है, मामले की जांच पूरी हो चुकी है और आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है. मुकदमे के दौरान अभियोजन के अहम गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं.

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश मुनीश गर्ग की अदालत ने महिला की तीसरी जमानत अर्जी मंजूर की. उसे ₹30 हजार के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के एक जमानती पर रिहा करने का निर्देश दिया गया.

बचाव पक्ष ने दलील दी कि वारदात के समय महिला घटनास्थल पर मौजूद नहीं थी और उसके पास से कोई हथियार या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई. बचाव के अनुसार, उसके खिलाफ मामला मुख्य रूप से परिस्थितिजन्य और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों पर आधारित है.

अभियोजन ने आरोपों को गंभीर बताते हुए जमानत का विरोध किया. पुलिस के अनुसार, 21 फरवरी 2022 को रोहिणी सेक्टर-24 के पास एक व्यक्ति घायल मिला था, जिसे अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया. महिला पर अन्य आरोपियों के साथ पहले से साजिश में शामिल होने का आरोप है. ये आरोप अभी अदालत में विचाराधीन हैं.