दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 10 में मंगलवार को 35 वर्षीय एक व्यक्ति की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस के अनुसार, वारदात मॉल के पास व्यस्त सड़क पर हुई, जिससे राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई.

मृतक की पहचान पिंटू के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने सड़क पर उसे रोका और धारदार हथियारों से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसकी मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलने पर प्रशांत विहार थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है.

पुलिस ने आसपास के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार, हत्या के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है और हमलावरों की पहचान की कोशिश जारी है. मामले में आगे की जांच चल रही है.