दिल्ली में 27 से 29 नवंबर तक ‘साहित्य आजतक 2026’ का आयोजन होगा. मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में साहित्य, कविता, शायरी, राजनीति, कला, सिनेमा और संगीत से जुड़े कई सत्र आयोजित किए जाएंगे. आयोजन में लेखक, कवि, शायर, कलाकार, राजनेता, विचारक और संगीतकार अपने विचार और अनुभव साझा करेंगे.
कार्यक्रम में राम और भारतीय संस्कृति, समकालीन राजनीति, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, किताबों, प्रेम, कविता, गजल और सूफी संगीत जैसे विषयों पर चर्चा होगी. कुमार विश्वास, पंकज त्रिपाठी, रवि किशन, चेतन भगत, स्मृति ईरानी, देवदत्त पटनायक, मनोज कुमार झा, जावेद अली और इमरान प्रतापगढ़ी इसके प्रमुख नामों में शामिल हैं.
पहले दिन कविता, राजनीति और संगीत
27 नवंबर को कुमार विश्वास अपने कार्यक्रम ‘अपने अपने राम’ में रामकथा और उसके विभिन्न पहलुओं पर बात करेंगे. पहले दिन केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान का सत्र भी होगा. शाम 5 बजे ‘आशा भोसले को श्रद्धांजलि’ कार्यक्रम में ऑल फीमेल बैंड ‘रंग-ए-महफिल’ प्रस्तुति देगा. इसके बाद रवि किशन अपने जीवन और अनुभवों पर बातचीत करेंगे.
‘मैं गजल हूं’ कार्यक्रम में गायिका नीरू सोनी प्रस्तुति देंगी और कवि सम्मेलन भी होगा. पहले दिन का समापन रात 8 से 10 बजे तक होने वाले ‘भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम से होगा, जिसमें हंसराज रघुवंशी प्रस्तुति देंगे.
दूसरे और तीसरे दिन के सत्र
28 नवंबर को ‘अपने अपने राम’ के साथ दिन की शुरुआत होगी. कवि, चित्रकार और कथावाचक बाबा सत्यनारायण मौर्य तथा लेखक चेतन भगत के सत्र भी होंगे. ‘राजनीति, इतिहास और आत्मकथा: सोनिया गांधी की Belonging के बहाने’ विषय पर शाहिद सिद्दीकी, रशीद किदवई और बद्री नारायण तिवारी चर्चा करेंगे. मनोज कुमार झा ‘आज मंटो और अमृता प्रीतम होते तो क्या होता?’ विषय पर अपनी बात रखेंगे. पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ‘आज तक साहित्य जागृति सम्मान’ समारोह के मुख्य अतिथि होंगे.
29 नवंबर को देवदत्त पटनायक ‘हिंदू: धर्म, इतिहास और मिथक’ विषय पर चर्चा करेंगे. स्मृति ईरानी ‘भविष्य का भारत: सियासत और सरोकार’ सत्र में शामिल होंगी. पंकज त्रिपाठी अपनी पत्नी मृदुला त्रिपाठी के साथ ‘थिएटर, आर्ट और फैमिली’ पर बातचीत करेंगे, जबकि यशपाल शर्मा का सत्र उनके अभिनय और अनुभवों पर केंद्रित होगा. समापन कबीर बैंड, सूफी संगीत और भारतीय पारंपरिक प्रस्तुतियों के साथ होगा.
