नई दिल्ली में साहित्य, कला और विचारों का तीन दिवसीय महोत्सव ‘साहित्य आजतक 2026’ 27 से 29 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में साहित्य, संगीत, नाटक, सिनेमा, राजनीति, भारतीय संस्कृति और आध्यात्म से जुड़े सत्र और प्रस्तुतियां होंगी. आयोजन के लिए दर्शक आधिकारिक माध्यम aajtak.in/sahitya के जरिए पंजीकरण करा सकते हैं.
महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन 27 नवंबर को दोपहर 2 बजे इंडिया टुडे ग्रुप की वाइस चेयरपर्सन कली पुरी के स्वागत संबोधन से होगा. कार्यक्रम में ‘हल्ला बोल चौपाल’, ‘दस्तक दरबार’ और ‘साहित्य तक’ समेत तीन प्रमुख मंच होंगे. युवाओं और नई प्रतिभाओं के लिए ‘माइक के लाल’ मंच भी रखा गया है.
राजनीति और साहित्य से जुड़े सत्र
‘आजतक साहित्य जागृति सम्मान’ समारोह में पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व केंद्रीय मंत्री और लेखिका स्मृति ईरानी, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, सांसद मनोज झा और सांसद-शायर इमरान प्रतापगढ़ी भी अलग-अलग सत्रों में भाग लेंगे. पूर्व राजनयिक पवन के. वर्मा, लक्ष्मी पुरी और नवतेज सरना के साथ पत्रकारिता और विश्लेषण क्षेत्र की हस्तियां भी चर्चा में रहेंगी.
साहित्यिक सत्रों में उदय प्रकाश, नमिता गोखले, अनामिका, चेतन भगत, देवदत्त पटनायक, दिव्य प्रकाश दुबे, आनंद नीलकंठन और यतींद्र मिश्र सहित कई लेखक शामिल होंगे. प्रशासनिक सेवा से जुड़े कुछ अधिकारी भी अपनी साहित्यिक रचनाओं के साथ मंच साझा करेंगे.
संगीत, नाटक और मुशायरा
डॉ. कुमार विश्वास तीनों दिन ‘अपने-अपने राम’ नामक संगीतमय प्रस्तुति देंगे. 27 नवंबर को हंसराज रघुवंशी की ‘भजन क्लबिंग’, 28 नवंबर को जावेद अली की लाइव प्रस्तुति और 29 नवंबर को पंडित प्रदीप मिश्रा का ‘द शिवा वे’ सत्र कार्यक्रम का हिस्सा होगा.
सोनम कालरा की सूफी महफिल, मुनाफ लुहार का ‘बुल्ले शाह प्रोजेक्ट’ और ‘रंग-ए-महफिल’ की आशा भोसले को संगीतमय श्रद्धांजलि भी प्रस्तुत की जाएगी. समापन पर पंकज त्रिपाठी और मृदुला त्रिपाठी द्वारा निर्मित ‘तत्सत - मोको कहां ढूंढे रे बंदे’ शो में कबीर और सूफी संगीत की झलक मिलेगी.
रंगमंच खंड में राजेंद्र गुप्ता ‘पटकथा- संसद से सड़क तक’ एकल नाटक में अभिनय करेंगे. ‘चलते-चलते विद मीना कुमारी’, ‘कैकेयी: एक अनसुनी कहानी’ और ‘द्रौपदी की अंतर्कथा’ भी मंचित किए जाएंगे. तीनों दिन कवि सम्मेलन और मुशायरे में वरिष्ठ तथा युवा कवि-शायर अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे. समारोह में ‘आजतक साहित्य जागृति सम्मान’ की सात श्रेणियों के विजेताओं को भी सम्मानित किया जाएगा.
