छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के IPS अधिकारी संतोष सिंह को दिल्ली मेट्रो में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के DIG पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है. वे दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के शहरों को जोड़ने वाली दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे.
दिल्ली मेट्रो में 271 स्टेशन हैं. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर को मेट्रो में एक दिन में करीब 82.45 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई थी. ऐसे में यात्रियों, स्टेशनों और मेट्रो परिसरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
संतोष सिंह छत्तीसगढ़ के नौ जिलों में SP या SSP के रूप में काम कर चुके हैं. इनमें रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव शामिल हैं. वे सुकमा में ASP और दुर्ग में CSP की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं.
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान संतोष सिंह हैदराबाद में CISF के DIG साउथ जोन-2 के पद पर कार्यरत थे. वहां उनके कार्यक्षेत्र में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के औद्योगिक व रणनीतिक प्रतिष्ठानों के साथ पूर्वी तट के बंदरगाहों की सुरक्षा व्यवस्था शामिल थी. अब उन्हें बड़े पैमाने की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की सुरक्षा का दायित्व मिला है.
